जोधपुर, (अभिषेक सैन)। शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री तथा जोधपुर जिले के प्रभारी मंत्री श्री मदन दिलावर ने शनिवार को मारवाड़ इंटरनेशनल सेंटर के सभागार में आयोजित बैठक में अतिवृष्टि प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति और राहत कार्यों की गहन समीक्षा की।
संवेदनशीलता के साथ कार्य के निर्देश
प्रभारी मंत्री ने कहा कि प्रभावित परिवारों तक राहत पहुँचाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने आपदा में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए मुआवजा स्वीकृति की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए।
स्वास्थ्य सुविधाओं पर विशेष ध्यान
बैठक में मानसूनी वर्षा के आंकड़े, राहत कार्यों की स्थिति और स्वास्थ्य सेवाओं पर विस्तृत चर्चा हुई। मंत्री ने स्वास्थ्य विभाग को निर्देशित किया कि जलभराव वाले क्षेत्रों में बीमारियों की रोकथाम हेतु विशेष शिविर लगाए जाएं और फॉगिंग की व्यवस्था सुनिश्चित हो।
किसानों की गिरदावरी पर जोर
श्री दिलावर ने फसल खराबे से प्रभावित किसानों की गिरदावरी शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राजस्व व कृषि विभाग पारदर्शिता और गति से कार्य कर किसानों को मुआवजा एवं बीमा लाभ दिलाएं।
उन्होंने कहा कि “किसान हमारी अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं और सरकार हर कदम पर उनके साथ खड़ी है।”
क्षतिग्रस्त भवनों की मरम्मत
प्रभारी मंत्री ने वर्षा से क्षतिग्रस्त स्कूलों, अस्पतालों और आंगनबाड़ी केंद्रों की शीघ्र मरम्मत करने पर जोर दिया ताकि आवश्यक सेवाएं बाधित न हों।
जिला प्रशासन की रिपोर्ट
जिला कलक्टर श्री गौरव अग्रवाल ने बताया कि प्रभावित क्षेत्रों में अस्थायी आश्रय, भोजन, पेयजल और चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। साथ ही एसडीआरएफ प्रस्तावों पर भी कार्रवाई की जा रही है।
जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों की सहभागिता
बैठक में शहर विधायक श्री अतुल भंसाली, ओसियां विधायक श्री भैराराम सियोल, शेरगढ़ विधायक श्री बाबू सिंह राठौड़ सहित अन्य जनप्रतिनिधि व विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
Discover more from THAR CHRONICLE
Subscribe to get the latest posts sent to your email.

