पादूकलां शिक्षा के क्षेत्र में भामाशाहों की भूमिका को सशक्त करते हुए निकटवर्ती ग्राम पंचायत बग्गड़ के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में कक्षा 12 के विद्यार्थियों के लिए भामाशाह सम्मान एवं आशीर्वाद समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भामाशाह हनुमान प्रसाद राव रहे, जिन्होंने हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी विद्यार्थियों के लिए दाल-बाटी-चूरमा स्नेहभोज का आयोजन कर प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया।

उत्कृष्ट विद्यार्थियों का सम्मान
समारोह में व्याख्याता रामकिशोर पिचकिया द्वारा शैक्षणिक उत्कृष्टता के लिए विद्यार्थियों को सिल्वर मेडल व प्रशंसा पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कक्षा 10 में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रदीप चौधरी सहित राजनीति विज्ञान में 90 से अधिक अंक अर्जित करने वाले विद्यार्थियों को मंच से सम्मान मिला।
वर्तमान कक्षा 12 के सभी विद्यार्थियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं।
विद्यालय को भेंट किए व्हाइट बोर्ड
इस अवसर पर शिक्षिका सुश्री किरण चौधरी ने विद्यालय को पाँच व्हाइट बोर्ड भेंट कर शैक्षणिक सुविधाओं को सुदृढ़ करने में योगदान दिया।
प्रधानाचार्य रामस्वरूप प्रजापत एवं उपप्रधानाचार्य संदीप कुमार वर्मा ने भामाशाह हनुमान प्रसाद राव का साफा व माला पहनाकर सम्मान किया। समारोह में बड़ी संख्या में शिक्षक, अभिभावक व ग्रामवासी उपस्थित रहे। आयोजन ने विद्यार्थियों में नई ऊर्जा और आत्मविश्वास का संचार किया।
Discover more from THAR CHRONICLE
Subscribe to get the latest posts sent to your email.

