पादूकलांकस्बे के गोगाजी मेला मैदान के पास स्थित सियाराम धाम परिसर के भगवान शनि देव मंदिर में शनिवार को विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन हुआ। इस कार्यक्रम में कस्बे के बालक-बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाते हुए शनिदेव की प्रतिमा, सियारामदासजी महाराज एवं श्रीमहंत कपिलदासजी महाराज के मंदिर में धोक लगाकर दर्शन किए।
बाल श्रद्धालुओं ने नर्मदेश्वर महादेव के समक्ष परिवार की सुख-समृद्धि और उत्तम शिक्षा की कामना की। पूजन-अर्चना के उपरांत शनिदेव को विधिवत खिचड़ी का भोग लगाया गया, जिसके बाद मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। बच्चों की आस्था और उल्लास ने वातावरण को भक्ति रस से सराबोर कर दिया।
सियाराम धाम के महामंडलेश्वर श्रीसंतदास जी महाराज ने बताया कि प्रत्येक शनिवार को शनि देव की विशेष पूजा-अर्चना और खिचड़ी भोग लगाने की परंपरा है। उन्होंने कहा कि आज बालक-बालिकाओं ने गुरुजी की प्रतिमा सहित नर्मदेश्वर महादेव के दर्शन कर महाप्रसाद ग्रहण किया।
महंत राधादास त्यागीजी महाराज ने राजस्थानी परंपरा अनुसार श्रद्धालुओं का स्वागत करते हुए शनि देव की महिमा का विस्तारपूर्वक वर्णन किया। उन्होंने कहा कि “सच्चे मन से की गई पूजा-अर्चना जीवन में सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करती है और कष्टों का निवारण करती है।” जयकारों से पूरा मंदिर परिसर गूंज उठा और भक्तिमय वातावरण बन गया।
Discover more from THAR CHRONICLE
Subscribe to get the latest posts sent to your email.

