मकराना। मकराना–बोरावड़ रेलखंड पर सोमवार को एक दर्दनाक हादसे में युवक की ट्रेन की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। जोधपुर से जयपुर की ओर जा रही गाड़ी संख्या 22978 ने रेलवे लाइन पार कर रहे युवक को अपनी चपेट में ले लिया। हादसा बोरावड़–मकराना के मध्य किलोमीटर संख्या 67/1-2 पर हुआ, जिससे क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी मच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान विन्दावन रेकवार (50 वर्ष) पुत्र रामदयाल रेकवार, निवासी गांव डिकोली, जिला टीकमगढ़ (मध्य प्रदेश) के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक युवक जैसे ही रेलवे लाइन पार कर रहा था, उसी दौरान तेज रफ्तार ट्रेन आ गई और वह संभल नहीं सका।
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) मौके पर पहुंची। आरपीएफ इंचार्ज जगदीश प्रसाद, कांस्टेबल मुकेश दादरवाल व श्यामलाल, वहीं जीआरपी के हेड कांस्टेबल पूनमचंद आचार्य, महिला कांस्टेबल बेबी डारा और पोइसमैन विक्रम चौधरी ने तत्परता दिखाते हुए 108 एंबुलेंस को बुलवाया। इसके बाद शव को उप जिला चिकित्सालय मकराना की मोर्चरी में रखवाया गया।
पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर परिजनों को सूचना दे दी है। वहीं Indian Railways प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि रेलवे लाइन पार करते समय पूरी सावधानी बरतें और केवल अधिकृत स्थानों का ही उपयोग करें, ताकि इस प्रकार की दुखद घटनाओं से बचा जा सके।
Discover more from THAR CHRONICLE
Subscribe to get the latest posts sent to your email.

