सूरतगढ़।
शहर और आसपास के इलाकों में लूट की घटनाओं ने कानून-व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े कर दिए हैं। अल सुबह अज्ञात बदमाशों ने अलग-अलग स्थानों पर चार लूट की वारदातों को अंजाम देकर दहशत फैला दी। लगातार हो रही घटनाओं से आमजन खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है।
NH-62 पर सब्जी विक्रेता से लूट
पहली बड़ी वारदात गांवों में फेरी लगाकर सब्जी बेचने वाले जितेंद्र कुमार के साथ हुई। जितेंद्र कुमार पुत्र सुरेश कुमार, निवासी 32 पीबीएन, सब्जी खरीदने के लिए मोटरसाइकिल से सूरतगढ़ आ रहा था। इसी दौरान NH-62 पर पुराने हाउसिंग बोर्ड के पास लुटेरों ने उसकी बाइक रुकवाई, उसे नीचे गिराया और करीब 8 हजार रुपये नकद व मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए। सूचना मिलते ही सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

सिटी थाना क्षेत्र में दो और घटनाएं
दूसरी और तीसरी वारदात सिटी थाना क्षेत्र में ही सामने आईं। यहां अलग-अलग स्थानों पर राहगीरों को निशाना बनाते हुए लुटेरों ने नकदी, मोबाइल और सोना-चांदी लूट ली। घटनाओं का तरीका लगभग एक-सा होने से एक ही गिरोह के सक्रिय होने की आशंका जताई जा रही है।
सदर थाना क्षेत्र में चौथी लूट
चौथी वारदात सदर थाना क्षेत्र में हुई, जहां उसी तर्ज पर लुटेरों ने एक और व्यक्ति से लूट कर पुलिस को खुली चुनौती दी।
भोजेवाला रोड की घटना से बढ़ी चिंता
गौरतलब है कि गुरुवार को भोजेवाला रोड पर भी तीन लुटेरों ने एक ट्रैक्टर चालक के साथ लूट का प्रयास किया था। इस दौरान ग्रामीणों की सतर्कता से तीनों आरोपियों को मौके पर ही पकड़ लिया गया था, जिनके पास से हथियार भी बरामद हुए थे।
आमजन में दहशत, पुलिस पर सवाल
लगातार हो रही वारदातों से लोगों में भय का माहौल है। आमजन सवाल उठा रहा है कि लुटेरे इतने बेखौफ कैसे हो गए। पुलिस सभी मामलों को आपस में जोड़कर जांच करने और जल्द खुलासे का दावा कर रही है, लेकिन तब तक सूरतगढ़ के लोग खुद को असुरक्षित मान रहे हैं।
Discover more from THAR CHRONICLE
Subscribe to get the latest posts sent to your email.

