भणियाणा। मुख्यमंत्री जल स्वावलंबन योजना को प्रभावी रूप से धरातल पर उतारने के उद्देश्य से भणियाणा उपखंड अधिकारी एवं युवा आईएएस अधिकारी रोहित वर्मा ने मंगलवार को उपखंड कार्यालय में संबंधित विभागों के अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में उपखंड क्षेत्र में जल संरक्षण से जुड़े चल रहे कार्यों की प्रगति की जानकारी ली गई तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान आईएएस वर्मा ने आगामी गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए जलदाय विभाग के अधिकारियों के साथ जल प्रबंधन को लेकर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जल संरक्षण को गंभीरता से लेते हुए बरसात के समय व्यर्थ बह जाने वाले पानी को रोकने के लिए अभी से ठोस उपाय किए जाएं, ताकि आने वाले महीनों में पेयजल संकट उत्पन्न न हो।
उपखंड अधिकारी रोहित वर्मा ने निर्देश दिए कि भणियाणा उपखंड क्षेत्र में जल आपूर्ति सुचारू बनी रहे, इसके लिए जलदाय विभाग समय रहते अपनी तैयारियां पूरी करे। उन्होंने आमजन से भी अपील करते हुए कहा कि बरसाती पानी रेगिस्तान क्षेत्र के लिए कुदरती वरदान है, जिसे व्यर्थ जाने से रोकना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। इसके लिए प्रत्येक नागरिक को अपने स्तर पर जल संरक्षण के उपाय अपनाने चाहिए।
बैठक में तहसीलदार गणेशाराम जयपाल, नायब तहसीलदार दलजीत आलोरिया, जलदाय विभाग के कनिष्ठ अभियंता नीरजसिंह ठाकुर, पंचायती राज विभाग के सहायक अभियंता कपिल कुमार दवे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
Discover more from THAR CHRONICLE
Subscribe to get the latest posts sent to your email.

