मकराना / अब्दुल सलाम
जाकिर हुसैन गैसावत ने राजस्थान विधानसभा में नियम 50 के अंतर्गत स्थगन प्रस्ताव प्रस्तुत कर मकराना निर्वाचन क्षेत्र की गंभीर और अविलंबनीय परिवहन समस्याओं को सदन के पटल पर रखा। विधायक ने कहा कि विश्व प्रसिद्ध मार्बल नगरी होने के बावजूद आज मकराना में रोडवेज सेवाएं लगभग ठप पड़ी हैं, जिससे आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बस स्टैंड सूने, टिकट खिड़कियों पर ताले
विधायक गैसावत ने सदन को अवगत कराया कि मकराना व बोरावड़ बस स्टैंड सहित ग्रामीण क्षेत्रों की पंचायतों में सरकारी बस सेवाएं बंद हैं। कई स्थानों पर टिकट खिड़कियों तक पर ताले लटके हुए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि रोडवेज की अनुपस्थिति का सीधा फायदा निजी बस संचालक उठा रहे हैं और मनमाना किराया वसूलकर जनता का आर्थिक शोषण कर रहे हैं।
इन प्रमुख मार्गों पर रोडवेज सेवा शुरू करने की मांग
विधायक ने सरकार से मांग की कि जनहित में निम्नलिखित महत्वपूर्ण मार्गों पर तत्काल रोडवेज सेवा शुरू की जाए—
- डीडवाना–अजमेर (वाया मकराना–जूसरी)
- जयपुर–नागौर (वाया कुचामन–मकराना–बोरावड़–रानीगांव–खाजू)
- सीकर–डेगाना (वाया कुचामन–मकराना–बोरावड़–गच्छीपुरा)
- सीकर–अजमेर (जूसरी–मकराना शॉर्टकट मार्ग)
साथ ही मेड़ता से दिल्ली के लिए डेगाना–मकराना–कुचामन–जयपुर होकर नई बस सेवा शुरू करने की मांग भी रखी गई।
उन्होंने विशेष रूप से कहा कि मकराना से किशनगढ़–अजमेर के लिए सीधी ट्रेन कनेक्टिविटी नहीं होने के कारण रोडवेज ही एकमात्र विकल्प है, इसलिए दिन में कम से कम दो सीधी बसें संचालित करना अनिवार्य है।
आधुनिक बस स्टैंड निर्माण कार्य पूरा करने की मांग
विधायक गैसावत ने पूर्ववर्ती सरकार द्वारा स्वीकृत आधुनिक (Modern) बस स्टैंड के अधूरे कार्य को शीघ्र पूर्ण कर जनता को समर्पित करने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि रोडवेज सेवाएं बहाल नहीं की गईं और बस स्टैंड का निर्माण कार्य पूरा नहीं हुआ तो मकराना की जनता के साथ मिलकर बड़ा जन-आंदोलन किया जाएगा।
Discover more from THAR CHRONICLE
Subscribe to get the latest posts sent to your email.

