रियांबड़ी (नागौर)।
डेगाना उपखंड क्षेत्र के पुंदलौता गांव में होली के अवसर पर आयोजित स्नेह मिलन समारोह के दौरान थांवला कस्बे की पंचनिमड़ी ढाणी के सैकड़ों ग्रामीणों ने मूलभूत सुविधाओं की मांग को लेकर क्षेत्रीय विधायक अजय सिंह किलक को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने ढाणी में सड़क निर्माण, सिटी लाइट, सीसी ब्लॉक और पेयजल व्यवस्था सहित कई बुनियादी समस्याओं के समाधान की मांग की।
ग्रामीणों ने ज्ञापन में बताया कि पंचनिमड़ी ढाणी में करीब 600 से 700 लोग निवास करते हैं, लेकिन आज तक यहां मूलभूत सुविधाओं का अभाव बना हुआ है। ढाणी से सोयजना होते हुए मुख्य सड़क तक करीब 2 किलोमीटर लंबा मार्ग कच्चा और जर्जर अवस्था में है। बरसात के समय इस रास्ते पर पानी भर जाने से आवागमन पूरी तरह बाधित हो जाता है, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
ग्रामीणों का कहना है कि कई बार आपात स्थिति में मरीजों को अस्पताल तक पहुंचाने में भी कठिनाई होती है। इसके अलावा ढाणी में सिटी लाइट और सीसी सड़क नहीं होने से रात के समय अंधेरा छाया रहता है, जिससे असुरक्षा की भावना बनी रहती है।
ग्रामीणों ने बताया कि विधानसभा चुनाव के दौरान भी सड़क, लाइट और पानी की समस्या प्रमुखता से उठाई गई थी, जिस पर शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया गया था, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
ग्रामीणों ने विधायक अजय सिंह किलक से जनहित में शीघ्र कार्रवाई करते हुए सड़क के डामरीकरण, सिटी लाइट की व्यवस्था, गलियों में सीसी ब्लॉक निर्माण और पेयजल समस्या के स्थायी समाधान की मांग की है, ताकि पंचनिमड़ी ढाणी के लोगों को भी बुनियादी सुविधाओं का लाभ मिल सके।
Discover more from THAR CHRONICLE
Subscribe to get the latest posts sent to your email.

