सूरतगढ़ | रिपोर्टर
सूरतगढ़ सुपर थर्मल पावर प्लांट की कॉलोनी में पिछले कुछ वर्षों से लगातार हो रही चोरियों को लेकर कर्मचारियों में रोष बढ़ता जा रहा है। सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग को लेकर भारतीय मजदूर संघ से संबद्ध राजस्थान विद्युत उत्पादन निगम कर्मचारी संघ और सूरतगढ़ थर्मल इंजीनियर एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडलों ने मुख्य अभियंता राकेश कुमार से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपे।
सीसीटीवी, फ्लड लाइट और गार्ड बढ़ाने की मांग
राजस्थान विद्युत उत्पादन निगम कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष सतीश प्रसाद चमोला के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने कॉलोनी में चोरियों पर अंकुश लगाने के लिए कठोर कदम उठाने की मांग की।
इकाई अध्यक्ष सुखदेव राज ने कॉलोनी के सभी मार्गों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा उनकी नियमित मॉनिटरिंग की व्यवस्था करने का सुझाव दिया। संयुक्त व्यवस्था परिषद सदस्य रामेंद्र कुमार शर्मा ने बाउंड्री वॉल के आसपास की मिट्टी हटाकर फ्लड लाइट लगाने की मांग रखी।
चमोला ने सुरक्षा गार्डों की संख्या बढ़ाने, अंधेरे स्थानों पर प्रकाश व्यवस्था सुधारने तथा पुलिस प्रशासन से समन्वय कर चोरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की आवश्यकता जताई। प्रतिनिधिमंडल में सुखदेव राज, कोषाध्यक्ष सुनील जालप, रामेंद्र शर्मा, विनोद माहर व पी.सी. वर्मा शामिल थे।

दो दर्जन से अधिक चोरी की घटनाएं, कर्मचारियों में भय
सूरतगढ़ थर्मल इंजीनियर एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने भी मुख्य अभियंता को ज्ञापन सौंपते हुए बताया कि मार्च 2022 से अब तक करीब दो दर्जन चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं, जिससे कर्मचारियों व उनके परिजनों में भय का माहौल है।
एसोसिएशन ने आरोप लगाया कि पुलिस चोरियों पर प्रभावी अंकुश लगाने में विफल रही है। कॉलोनी में पूर्व की भांति केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) की तैनाती बहाल करने, हथियारबंद सुरक्षा व्यवस्था लागू करने, चारदीवारी के पास सफाई कराने, अंधेरे स्थानों पर लाइटें लगाने तथा सीसीटीवी कैमरे स्थापित करने की मांग की गई।
प्रतिनिधिमंडल में अधीक्षण अभियंता टी.पी. बॉयल, अधिशासी अभियंता डालूराम वर्मा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
समाधान का आश्वासन
मुख्य अभियंता राकेश कुमार ने समस्या को गंभीर बताते हुए प्रतिनिधिमंडलों को सकारात्मक समाधान का आश्वासन दिया।
Discover more from THAR CHRONICLE
Subscribe to get the latest posts sent to your email.

