Wednesday, February 4, 2026
Homeराजस्थानयुवा दिवस पर विद्यार्थियों ने किया पुलिस थाना सदर का शैक्षणिक भ्रमण,...

युवा दिवस पर विद्यार्थियों ने किया पुलिस थाना सदर का शैक्षणिक भ्रमण, पुलिस कार्यप्रणाली से हुए अवगत

सूरतगढ़।
राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर उच्चाधिकारियों के निर्देशानुसार राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय 7SGM एवं सूरतगढ़ पब्लिक स्कूल, सूरतगढ़ के कक्षा 9 से 11 तक के विद्यार्थियों ने पुलिस थाना सदर का शैक्षणिक भ्रमण किया। भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को पुलिस की कार्यप्रणाली से परिचित कराना तथा उनमें सामाजिक जिम्मेदारियों की भावना विकसित करना रहा।

विद्यालय के वरिष्ठ अध्यापक घीरसिंह एवं अध्यापिका नीना गुप्ता के नेतृत्व में पहुंचे विद्यार्थियों का थाना परिसर में थानाधिकारी रामकुमार लेघा, पुलिस उपनिरीक्षक सम्पत धायल, पूर्णमल एचएम एवं सूचना अधिकारी विक्रम सिंह द्वारा स्वागत किया गया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को थाना परिसर का भ्रमण करवाया तथा पुलिस की कार्यप्रणाली, कर्तव्यों और जिम्मेदारियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को यातायात नियमों की जानकारी दी गई और नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही नशे के दुष्प्रभावों पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने का संदेश दिया गया।

युवा दिवस के उपलक्ष्य में स्वामी विवेकानंद के विचारों पर चर्चा करते हुए अनुशासन, चरित्र निर्माण और राष्ट्र सेवा की भावना को जीवन में आत्मसात करने पर विशेष जोर दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को महापुरुषों के आदर्शों को अपनाकर एक जिम्मेदार, सभ्य एवं जागरूक नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक सिद्ध हुआ, जिससे उनमें कानून के प्रति सम्मान और समाज के प्रति उत्तरदायित्व की भावना विकसित हुई।


Discover more from THAR CHRONICLE

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

RELATED ARTICLES

Leave a Reply

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments