जालोर | रिपोर्ट: रमेश विरास
जालोर जिले की कनकाचल पहाड़ी पर स्थित सिरे मंदिर में आयोजित महायज्ञ कार्यक्रम में सोमवार को Yogi Adityanath ने भाग लिया। रत्नेश्वर महादेव मंदिर की 375वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में चल रहे महायज्ञ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच यज्ञ में आहुति दी और भगवान शिव के दर्शन कर पूजा-अर्चना की।
महायज्ञ के बाद मंदिर परिसर में धर्मसभा का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में साधु-संत और श्रद्धालु उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने धर्मसभा को संबोधित करते हुए धार्मिक परंपराओं और भारतीय संस्कृति के महत्व पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम के दौरान मंदिर समिति और शहर के नागरिकों की ओर से मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत किया गया। मंच पर उन्हें करीब पांच किलो फूलों से बने बड़े हार पहनाकर अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर मंदिर समिति के पदाधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने जालोर दौरे के दूसरे दिन भी सिरे मंदिर परिसर में आयोजित कार्यक्रमों में शामिल हुए। उन्होंने महायज्ञ में भाग लेने के साथ मंदिर में पूजा-अर्चना की और धर्मसभा में उपस्थित लोगों को संबोधित किया।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को हेलीकॉप्टर से जालोर पहुंचे थे। यहां उन्होंने सिरे मंदिर परिसर में आयोजित कार्यक्रम में भाग लिया और शांतिनाथ बालिका आदर्श स्कूल का भी दौरा किया। स्कूल परिसर में मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की गई। इसके बाद उन्होंने जनसभा को संबोधित करते हुए जालोर की वीरता और त्याग की परंपरा का उल्लेख किया। जनसभा के बाद मुख्यमंत्री सिरे मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने गादीपति के दर्शन किए और मंदिर परिसर में ही रात्रि विश्राम किया।
Discover more from THAR CHRONICLE
Subscribe to get the latest posts sent to your email.

