फुलेरा (हेमन्त शर्मा)। संवेदनशील पुलिसिंग की एक प्रेरक मिसाल पेश करते हुए Government Railway Police के अंतर्गत जीआरपी थाना फुलेरा के स्टाफ ने थाने की मैस में भोजन बनाने वाले कर्मचारी जगदीश प्रसाद शर्मा की पुत्री के विवाह अवसर पर सामूहिक रूप से मायरा भरकर सामाजिक सरोकार का परिचय दिया।
स्टाफ सदस्यों ने सहयोग राशि के रूप में 41,000 रुपये नकद प्रदान किए तथा पूरे परिवार के लिए कपड़े भेंट कर बेटी के विवाह में सहभागी बनकर आत्मीयता दिखाई। यह सहयोग केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि पारिवारिक अपनत्व और मानवीय संवेदना का प्रतीक बना।
इस अवसर पर स्टाफ के सदस्यों ने नवविवाहिता को सुखद वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएँ दीं। कार्यक्रम के दौरान भावुक क्षण भी देखने को मिले, जब परिजनों ने पुलिस परिवार के इस सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।

इस संबंध में जानकारी देते हुए कृष्ण विश्नोई ने बताया कि थाना स्टाफ ने आपसी सहयोग से राशि एकत्रित कर यह मायरा भरा है। उनका कहना था कि पुलिस केवल कानून-व्यवस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि सामाजिक दायित्वों को भी गंभीरता से निभाती है।
जीआरपी थाना फुलेरा का यह कदम समाज में सकारात्मक संदेश देता है कि पुलिस और आमजन के बीच संवेदनशील संबंध ही सशक्त समाज की नींव हैं।
Discover more from THAR CHRONICLE
Subscribe to get the latest posts sent to your email.

