फुलेरा, जयपुर
फुलेरा में इन दिनों खाटू श्याम बाबा के जयकारों की गूंज सुनाई दे रही है। फाल्गुन माह नजदीक आते ही खाटू श्याम जी मंदिर की ओर बढ़ने वाली पदयात्राओं का उत्साह चरम पर पहुंच गया है। पूरा शहर मानो बाबा श्याम की भक्ति में रंग गया हो।
विश्वकर्मा मंदिर से हुई पदयात्राओं की शुरुआत
फुलेरा पहुंची विभिन्न क्षेत्रों की पदयात्राओं का स्थानीय श्रद्धालुओं ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत किया। रात्रि विश्राम की व्यवस्था विश्वकर्मा मंदिर, फुलेरा में की गई, जहां भजन-संध्या और कीर्तन का आयोजन हुआ। देर रात तक “हारे का सहारा, बाबा श्याम हमारा” के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।

मंगल आरती के बाद खाटू धाम के लिए रवाना
सुबह मंगल आरती और विधिवत पूजा-अर्चना के बाद पदयात्राएं पुनः खाटू धाम के लिए रवाना हुईं। फुलेरा के मुख्य बाजार, स्टेशन रोड और जोबनेर रोड सहित विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए श्रद्धालु डीजे की धुनों पर नाचते-गाते आगे बढ़े। युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला, वहीं बुजुर्ग और महिलाएं भी पूरे जोश के साथ श्याम निशान लेकर यात्रा में शामिल रहीं।

हर ओर दिखा आस्था का सैलाब
फुलेरा की गलियों में भगवा ध्वज, श्याम निशान और भक्ति संगीत की गूंज ने माहौल को पूरी तरह श्याममय बना दिया है। श्रद्धालुओं के चेहरों पर खाटू धाम पहुंचने की आतुरता साफ झलक रही है।
फाल्गुन मेले से पहले उमड़ता यह आस्था का सैलाब बता रहा है कि बाबा श्याम के प्रति श्रद्धालुओं की भक्ति और विश्वास आज भी अटूट है।
Discover more from THAR CHRONICLE
Subscribe to get the latest posts sent to your email.

