रियांबड़ी (नागौर)।
रियांबड़ी उपखंड क्षेत्र के जसनगर कस्बे में शुक्रवार को देवनारायण भगवान की छठ धार्मिक उत्साह और पुरानी परंपराओं के साथ मनाई गई। कस्बे और आसपास के ग्रामीण अंचलों में माली समाज के भोपा गोत्र के युवाओं ने पारंपरिक वेशभूषा धारण कर प्रभात फेरी निकाली और घर-घर जाकर मांगने की परंपरा निभाई।
घर-घर जाकर निभाई परंपरा
भोपा युवाओं ने परंपरा के अनुसार भक्तों के घर दस्तक दी, जहां समाज बंधुओं और श्रद्धालुओं ने श्रद्धानुसार गेहूं, आटा, घी, तेल, विशेष पूजा सामग्री और रोकड़ राशि भेंट की। भोपनी परिवारों ने एकत्र सामग्री से पंचधातु के पात्र में व्यंजन व चूरमा बनाकर भगवान देवनारायण की पूजा-अर्चना की और अखंड पाठ के बाद भोग अर्पित किया।
भक्तों को दिया आशीर्वाद
प्रसाद तैयार करने के बाद भोपाओं ने पुनः भक्तों के घरों में जाकर उसका वितरण किया। इस दौरान भक्तों को सुख-शांति, धन-समृद्धि और मंगलमय जीवन का आशीर्वाद दिया गया।
भोपा प्रकाश, कैलाश, जोगीराम, जवरीलाल, धर्मचंद, बाबूराम, राजूराम और हनुमान सहित अन्य भोपा परिवार सेवा में जुटे नजर आए।
Discover more from THAR CHRONICLE
Subscribe to get the latest posts sent to your email.

