भैरुन्दा। रिपोर्ट: गिरधारी लाल प्रजापति
श्री श्री यादे सेवा समिति सेठन दरवाजा की ओर से गणपति विसर्जन के पावन अवसर पर भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महामंडलेश्वर एवं रामपुर धाम गादीपति रतनलाल प्रजापति ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में ताराचंद प्रजापति (87 गांव मांगलियावास अध्यक्ष), श्री श्री यादे माता मंदिर रामपुरा अध्यक्ष गोपाल मारवाड़ा, मुकेश प्रजापति (बाघसूरी) सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मान
समिति मंत्री महेंद्र प्रजापति ने बताया कि बीते 10 दिनों से चल रहे धार्मिक व सांस्कृतिक कार्यक्रमों तथा विभिन्न प्रतियोगिताओं में विजेताओं को इस अवसर पर पुरस्कृत किया गया। महिलाओं और बच्चों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। पारितोषिक स्वरूप पवित्र ग्रंथ श्रीमद्भगवद गीता भी भेंट की गई। मंच संचालन गजानंद गुजराती ने किया।

मेहमानों का स्वागत और सम्मान
समारोह में पधारे मेहमानों का स्वागत माला और साफा पहनाकर किया गया। पीसांगन सरपंच मंजू देवी प्रजापति, समिति संरक्षक नेमीचंद गुजराती, अध्यक्ष दीपचंद प्रजापति, उपाध्यक्ष पुनाराम प्रजापति, कोषाध्यक्ष लालचंद प्रजापति, सचिव रमेश प्रजापति, रोहित प्रजापति सहित पूरी कार्यकारिणी मौजूद रही।
प्रतिभाओं का सम्मान
इस मौके पर समाज की प्रतिभावान बेटी आस्था प्रजापति (पुत्री गजानंद प्रजापति) को चिकित्सा विभाग में एएनएम पद पर नियुक्ति मिलने पर सम्मानित किया गया।

भक्ति भाव से सम्पन्न हुआ विसर्जन
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने भजनों की प्रस्तुतियां दीं। महाआरती के बाद प्रसाद वितरण हुआ। तत्पश्चात गणपति बप्पा की शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग नाचते-गाते हुए नदी तट तक पहुंचे और “गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ” के जयकारों के साथ प्रतिमा का विसर्जन किया गया।
अंत में समिति अध्यक्ष ने सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त किया।
Discover more from THAR CHRONICLE
Subscribe to get the latest posts sent to your email.

