मेड़ता सिटी (नागौर)।
नहरी पानी परियोजना की मांग को लेकर गोटन कस्बे में ग्रामीणों का सब्र जवाब दे गया। वर्षों से जल संकट झेल रहे क्षेत्रवासियों ने बुधवार को विरोध प्रदर्शन करते हुए प्रतीकात्मक रूप से मटकियाँ फोड़कर प्रशासन के प्रति अपना रोष प्रकट किया।
ग्रामीणों ने बताया कि पिछले वर्ष जल जीवन मिशन (JJM) के तहत गोटन क्षेत्र में पेयजल पाइपलाइन डाली गई थी, लेकिन आज तक उस लाइन में एक बूंद पानी भी नहीं आया। पानी की आपूर्ति शुरू नहीं होने से लोगों को मजबूरन दूर-दराज से पानी लाना पड़ रहा है, जिससे महिलाओं और बुजुर्गों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि इस समस्या को लेकर क्षेत्रवासियों द्वारा अब तक 5 से 6 बार धरना-प्रदर्शन कर प्रशासन को ज्ञापन सौंपे जा चुके हैं, लेकिन हर बार आश्वासन के अलावा कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसी उपेक्षा से आक्रोशित होकर ग्रामीणों ने प्रदर्शन का रास्ता अपनाया।
इस दौरान गोटन के वार्डवासी हनवंत सिंह राठौड़, किशोर सिखवाल, शोभाराम देवासी, दिनेश गोरेर, मूलाराम सैनी, श्याम सिखवाल, विष्णु पंडित, सक्सेना सहित अन्य लोगों ने उप-तहसीलदार को ज्ञापन सौंपते हुए शीघ्र नहरी पानी की आपूर्ति शुरू कराने की मांग की। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
Discover more from THAR CHRONICLE
Subscribe to get the latest posts sent to your email.

