पादूकलां। कस्बे के राईको की ढाणी से डोडियाना और थांवला जाने वाले मुख्य सड़क मार्ग की स्थिति इन दिनों बेहद खराब हो चुकी है। अजमेर–बीकानेर नेशनल हाईवे 89 से जुड़कर गांव के बीच से गुजरने वाली इस सड़क पर हाल की बारिश के बाद गहरे गड्ढे हो गए हैं, जिससे ग्रामीणों की आवाजाही मुश्किल हो गई है।
बरसात में बिगड़े हालात
ग्रामीणों ने बताया कि बारिश के दिनों में सड़क पूरी तरह जलमग्न हो जाती है। जगह-जगह 2 से 3 फीट तक पानी भर जाने से ऐसा लगता है मानो सड़क गायब हो गई हो। मजबूरी में लोगों को दूसरे रास्तों से हाईवे तक पहुंचना पड़ता है, जिससे समय और धन दोनों की बर्बादी होती है।

दुर्घटनाओं का खतरा
सड़क पर बने गहरे खड्डों की वजह से टू-व्हीलर और फोर-व्हीलर चालकों को रोजाना हादसों का खतरा बना रहता है। रात के समय स्थिति और भी खतरनाक हो जाती है। कई बार वाहन चालक संतुलन खोकर गिर चुके हैं, हालांकि अभी तक बड़ा हादसा होने से टला है।
ग्रामीणों की मांग
स्थानीय निवासियों ने सार्वजनिक निर्माण विभाग से शीघ्र कार्रवाई की मांग उठाई है। उनका कहना है कि अगर समय रहते सड़क की मरम्मत और जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में बड़ी दुर्घटनाएं होना तय है।
Discover more from THAR CHRONICLE
Subscribe to get the latest posts sent to your email.

