फलोदी : विनोद छंगाणी
स्थानीय स्वामी विवेकानंद राजकीय मॉडल स्कूल, फलोदी (प्राइमरी विंग) के विद्यार्थियों को शैक्षणिक दृष्टि से समृद्ध करने के उद्देश्य से एक प्राकृतिक, सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक शैक्षणिक भ्रमण का आयोजन किया गया। इस भ्रमण में विद्यार्थी ओसियां होते हुए जोधपुर पहुँचे, जहाँ उन्होंने विभिन्न शैक्षणिक स्थलों का अवलोकन कर ज्ञानवर्धक अनुभव प्राप्त किया।
संस्कृति, पर्यावरण और इतिहास की मिली जानकारी
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने जोधपुर स्थित अक्षरधाम मंदिर में भारतीय संस्कृति एवं धार्मिक मूल्यों से परिचय प्राप्त किया। इसके पश्चात कायलाना झील के प्राकृतिक सौंदर्य का अवलोकन किया, जहाँ पर्यावरण संरक्षण एवं जल संसाधनों के महत्व पर चर्चा की गई।

माचिया सफारी पार्क में विद्यार्थियों ने विभिन्न वन्यजीवों को नजदीक से देखकर जैव-विविधता एवं वन्यजीव संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाई। वहीं ऐतिहासिक मेहरानगढ़ दुर्ग में राजस्थान के गौरवशाली इतिहास, स्थापत्य कला एवं वीर गाथाओं की जानकारी प्राप्त की।
व्यावहारिक ज्ञान और जिज्ञासा को मिला प्रोत्साहन
इस शैक्षणिक भ्रमण का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में व्यावहारिक ज्ञान का विकास करना, इतिहास, संस्कृति एवं पर्यावरण के प्रति रुचि जागृत करना तथा प्रकृति संरक्षण की भावना को सुदृढ़ करना रहा। भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने जिज्ञासा पूर्वक प्रश्न पूछे और प्रत्यक्ष अनुभव के माध्यम से अपने ज्ञान में वृद्धि की।

शिक्षकगण रहे उपस्थित
भ्रमण का नेतृत्व विद्यालय के व्याख्याता विशंभर थानवी ने किया। उनके साथ शिक्षकगण योगेश व्यास, फतेहराज पुरोहित, मनोहर सिंह राजपुरोहित, संजय मीणा, विक्रम रामावत, पूजा सोलंकी एवं सुखराम प्रजापत उपस्थित रहे।

Discover more from THAR CHRONICLE
Subscribe to get the latest posts sent to your email.

