मकराना | रिपोर्टर: अब्दुल सलाम
मकराना में मार्बल व्यापार से जुड़ी बड़ी चोरी का मामला सामने आया है। रेलवे ब्रिज के पास बाईपास रोड स्थित श्री कृष्णा मार्बल गोदाम में 15 फरवरी 2026 की रात करीब 8:21 बजे अज्ञात चोरों ने लोहे की जाली तोड़कर प्रवेश किया और सात वियतनाम मार्बल ब्लॉक चोरी कर लिए। चोरी किए गए ब्लॉकों का कुल वजन करीब चार टन और अनुमानित कीमत 2 लाख 40 हजार रुपए बताई गई है।
गोदाम मालिक रामनिवास विश्नोई, निवासी हुडिया (तहसील मकराना) ने 16 फरवरी को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि गोदाम में लगे सीसीटीवी कैमरों में पूरी वारदात रिकॉर्ड हुई है, जिसमें चोरों के चेहरे और गतिविधियां स्पष्ट दिखाई दे रही हैं। सुबह गोदाम पहुंचने पर कई ब्लॉक गायब मिले और कुछ ब्लॉक इधर-उधर बिखरे हुए पाए गए।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और जांच के दौरान मंगल सिंह पुत्र राम सिंह निवासी खिलेरिया नाडा को आरोपी के रूप में चिन्हित कर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
पुलिस अन्य दो संभावित आरोपियों की तलाश कर रही है तथा चोरी किए गए मार्बल ब्लॉकों की बरामदगी के प्रयास जारी हैं।
Discover more from THAR CHRONICLE
Subscribe to get the latest posts sent to your email.

