Wednesday, February 4, 2026
Homeजयपुरफुलेराउप जिला चिकित्सालय फुलेरा को बड़ी राहत: ऑर्थोपेडिक सर्जन व सोनोलॉजिस्ट की...

उप जिला चिकित्सालय फुलेरा को बड़ी राहत: ऑर्थोपेडिक सर्जन व सोनोलॉजिस्ट की हुई पदस्थापना

अब जयपुर रेफर से मिलेगी मुक्ति, फुलेरा अस्पताल में शुरू हुई अस्थि रोग व सोनोग्राफी सुविधा

फुलेरा (हेमन्त शर्मा)। जोबनेर रोड स्थित राजकीय उप जिला चिकित्सालय फुलेरा में लंबे समय से रिक्त चल रहे विशेषज्ञ चिकित्सकों के पदों पर नियुक्ति होने से क्षेत्रवासियों ने राहत की सांस ली है। चिकित्सालय में डाॅ. सुनील यादव को ऑर्थोपेडिक सर्जन तथा डाॅ. गायत्री पहाड़ीवाल को सोनोलॉजिस्ट के पद पर पदस्थापित किया गया है।

वर्षों पुरानी मांग हुई पूरी

फुलेरा एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के मरीज लंबे समय से अस्थि रोग विशेषज्ञ और सोनोग्राफी सुविधा के अभाव में निजी अस्पतालों या जयपुर रेफर होने को मजबूर थे। इससे न केवल समय नष्ट होता था, बल्कि आर्थिक बोझ भी बढ़ता जा रहा था। समाजसेवी एवं पेंशनर्स समाज अध्यक्ष शक्ति सिंह द्वारा राज्य सरकार और चिकित्सा विभाग के उच्च अधिकारियों से लगातार पत्राचार कर इन पदों की मांग की जा रही थी, जो अब पूरी हुई है।

स्थानीय स्तर पर मिलेगा विशेषज्ञ उपचार

डाॅ. सुनील यादव की पदस्थापना से हड्डी, जोड़, फ्रैक्चर व अन्य अस्थि रोगों के मरीजों को अब स्थानीय स्तर पर ही विशेषज्ञ उपचार उपलब्ध होगा। वहीं, डाॅ. गायत्री पहाड़ीवाल के आने से सोनोग्राफी जैसी आवश्यक जांच सुविधा सरकारी अस्पताल में ही सुलभ हो सकेगी, जिससे निजी डायग्नोस्टिक सेंटरों पर निर्भरता कम होगी।

स्वागत व जनहित में बड़ा कदम

डाॅ. सुनील यादव के जॉइनिंग के अवसर पर समाजसेवी शक्ति सिंह और अस्पताल प्रभारी डाॅ. धर्मेंद्र भामू ने माला पहनाकर उनका स्वागत किया। चिकित्सकों की यह पदस्थापना जनहित में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। इससे मरीजों को त्वरित व गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं मिलेंगी और सरकारी स्वास्थ्य तंत्र पर आमजन का भरोसा और मजबूत होगा।
स्थानीय नागरिकों एवं समाजसेवियों ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए स्वास्थ्य विभाग का आभार जताया।


Discover more from THAR CHRONICLE

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

RELATED ARTICLES

Leave a Reply

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments