भैरुन्दा/डोडियाना।
डोडियाना ग्राम में सात दिवसीय गणपति उत्सव का समापन मंगलवार को भव्यता और श्रद्धा के साथ हुआ। विसर्जन शोभायात्रा में हजारों की भीड़ उमड़ी, जो ढोल-नगाड़ों और बैंड-बाजों की गूंज के बीच नाचते-गाते हुए गणपति बप्पा की प्रतिमा को सरोवर तक लेकर गई। वातावरण “गणपति बप्पा मोरया” के जयकारों से गूंजता रहा।

ग्रामवासियों ने जगह-जगह फूल बरसाकर और शीतल जलपान करवा कर श्रद्धालुओं का स्वागत किया। सबसे अनोखा दृश्य तब देखने को मिला जब मुस्लिम समाज के लोगों ने भी शोभायात्रा का स्वागत किया। उन्होंने श्रद्धालुओं पर पुष्पवर्षा कर और गणपति बप्पा का अभिनंदन कर आपसी भाईचारे की मिसाल कायम की। यह नजारा गांव की गंगा-जमुनी तहज़ीब का जीवंत प्रतीक बन गया।

गांव के वरिष्ठजनों ने कहा कि गणपति उत्सव न केवल धार्मिक आस्था का पर्व है, बल्कि सामाजिक एकता और भाईचारे का संदेश देने वाला अवसर भी है। डोडियाना का यह भव्य विसर्जन लंबे समय तक लोगों की यादों में अंकित रहेगा।

Discover more from THAR CHRONICLE
Subscribe to get the latest posts sent to your email.

